पानी

पानी के अर्थ :

पानी के अँग्रेज़ी अर्थ

Noun, Masculine

  • water, aqua
  • rain
  • essence
  • liquid substance
  • valour
  • lustre, brightness
  • climate
  • breed
  • honour
  • sense of self-respect
  • thin coating/plating

पानी के हिंदी अर्थ

पानि

संस्कृत ; संज्ञा, पुल्लिंग

  • धारदार हथियारों के फल की वह रंगत या चमक जिससे उनकी उत्तमता प्रकट होती है

    उदाहरण
    . इस तलवार का पानी देखने लायक है ।

  • मुँह, आँख, घाव आदि में से रसने वाला तरल पदार्थ

    उदाहरण
    . उसकी दोनों आँखों से बराबर पानी गिरता रहता है ।

  • वह वस्तु जो पानी के समान पतली हो

    उदाहरण
    . रमेश का खून पानी हो गया है। . यह दूध नहीं पानी है ।

  • किसी चीज़ पर रासायनिक प्रक्रिया से चढ़ाई हुई सोने, चाँदी आदि की हलकी रंगत या तह
  • नदी, जलाशय, वर्षा आदि से मिलने वाला वह द्रव पदार्थ जो पीने, नहाने, खेत आदि सींचने के काम आता है
  • जल की बूदें जो बादलों से गिरती हैं
  • एक तरह का प्रकाश
  • रंग, गंध और स्वाद से रहित एक पारदर्शी तरल द्रव्य जो जीवन के लिए आवश्यक है; जल; नीर
  • वर्षा; मेह
  • किसी हरे या सरस पदार्थ के भीतर से निकलने वाला रस
  • पदार्थ का विशेष गुण जिसके कारण वह आभायुक्त बना रहता है
  • {ला-अ.} आब; कांति
  • {ला-अ.} मान-प्रतिष्ठा; इज़्ज़त
  • पानी
  • वह प्रसिद्ध निर्गध पारदर्शी और वर्ण-हीन तरल या द्रव पदार्थ जो झोल, नदियों, समुद्रों आदि में भरा रहता है। तथा बादलों से वर्षा के रूप में पृथ्वी पर बरसता है और जो नहाने-धोने, पीने, खेत सींचने आदि के काम में आता है। जल। विशेष-वायु के उपरांत जल या पानी जीव-जंतुओं वनस्पतियों आदि के पालन-पोषण तथा वर्धन के लिए सबसे अधिक आवश्यक है। इसलिए संस्कृत में इसे ' जीवन ' भी कहते हैं। भारतीय दर्शन में इसकी गणना पंच महाभूतों में होती है। परन्तु आधुनिक रासायनिक अनुसंधान के अनुसार यह दो तिहाई हाइड्रोजन तथा एक तिहाई आक्सिजन का मिश्रण है। अधिक सरदी पड़ने पर यह जमकर बरफ बन जाता है। और अधिक ताप पाकर उबलने या खौलने लगता है अथवा भाप बनकर उड़ जाता है। वर्षा के प्रसंग में इसके साथ आना, गिरना, पड़ना, बरसना आदि जलाशयों के तल के विचार से उतरना, चढ़ना आदि और कुएँ के मूल सोते के विचार से आना, टूटना, निकलना आदि क्रियाओं का प्रयोग होता है। किसी तल के छोटे छोटे छिद्रों से आने या निकलने के प्रसंग में इसके साथ आना, चूना, छूटना, टपकना, निकलना, रसना आदि क्रियाएँ लगती हैं। किसी आधान में या स्थल पर एकत्र राशि के संबंध में प्रसंग के अनुसार ठहरना, बहना, रुकना आदि क्रियाओं का भी प्रयोग होता है। कुछ अवस्थाओं में इसकी कोमलता, तरलता, शीतलता, सरसता आदि गुणों के आधार पर भी इसके कई मुहावरे बनते हैं। पद-पानी का आसरा नाव की बारी पर लगा हुआ कुछ झुका हुआ वह तख्ता जिस पर छाजन की ओलती का पानी गिरता है। बारी। (लश०) पानी का बतासा = (क) बुलबुला। बुदबुद,। (ख) दे० नीचे ' पानी का बुलबुला '। पानी का बुलबुला बुलबुले की तरह क्षण भर में नष्ट हो जानेवाला। क्षण-भंगुर। नाशवान्। विनाशशील। पानी की तरह पतला = (क) अत्यन्त तुच्छ या हीन। (ख) बहुत कम महत्त्व का। पानी को पोट = ऐसा पदार्थ जिसमें अधिकतर पानी ही पानी हो। जिसमें पानी के सिवा और तत्त्व बहुत कम हो। (ख) ऐसी तरकारियाँ, साग आदि जिनमें जलीय अंश बहुत अधिक हो। पानी के मोल-प्रायः उतना ही सस्ता जितना पीने का पानी होता है। बहुत अधिक सस्ता। पानो देवा वंशज जो पितरों को पानी देता अर्थात उनका तर्पण करता है। पानी भरी खाल मनुष्य का क्षणभंगर और सारहीन शरीर। पानी से पतला = (क) बहुत ही तुच्छ या हीन। (ख) बहुत ही सहज या सुगम। कच्चा पानी ऐसा पानी जो औटाया या पकाया हुआ न हो। नरम पानी = (क) ऐसा पानी जिसके बहाव में अधिक वेग न हो। (ख) ऐसा पानी जिसमें खनिज तत्त्व अपेक्षया कम हों। पक्का पानी औटाया, गरम किया या पकाया हुआ पानी। भारी पानी = वह पानी जिसमें खनिज पदार्थ अधिक मात्रा में मिले हों। हलका पानी ऐसा पानी जिसमें खनिज पदार्थ बहुत थोड़े हों। नरम पानी। मुहा०-पानी काटना = (क) पानी की नाली या बाँध काट देना, एक नाली में से दूसरी में पानी ले जाना, (ख) तैरते समय हाथों से आगे का पानी हटाना, पानी चीरना, पानी की तरह बहाना बहुत ही लापरवाही से और बहुत अधिक मात्रा या मान में व्यय करना, -जैसे (क) उन्होंने लाखों रुपए पानी की तरह बहाँ दिए, (ख) युद्ध क्षेत्र में सैनिकों ने पानी की तरह खून बहाया, पानी के रेले में बहाना = दे० ऊपर ' पानी को तरह बहाना ', पानी चढ़ाना = सिंचाई के काम के लिए खेत तक पानी पहुँचाना, (किसी चीज पर) पानी चलाना = चौपट या नष्ट करना, (दे० ' पानी फेरना ') पानी छानना-बच्चे को पहले-पहल माता निकलने के बाद तथा उसका जोर कम होने पर किया जानेवाला एक प्रकार का मांगलिक उपचार या टोटका जिसमें माता उस बच्चे को इस प्रकार गोद में लेकर बैठती है कि भिगोये हुए चने का पानी जब बच्चे के सिर पर डाला जाता है, तब वह गिरकर माता की गोद में पड़ता है (कहते हैं कि यह उपचार माता की गोद सदा भरी-पूरी रखने के लिए किया जाता है)। पानो छूना मल-त्याग के उपरांत जल से गुदा को धोना। आबदस्त लेना। (ग्राम्य) पानो टूटना कूएँ, ताल आदि में इतना कम पानी रह जाना कि काम में लाया या निकाला न जा सके। पानी तोड़ना = नाव खेने के समय डाँड़ या बल्ली से पानी चीरना या हटाना। पानी काटना। (मल्लाह)। पानी थामना = धार या प्रवाह के विरुद्ध नाव ले जाना। धार पर चढ़ाना। (लश०) (पशुओं को) पानी दिखाना-घोड़े, बैल आदि को पानी पिलाने के लिए उनके सामने पानी भरा बरतन रखना या उन्हें जलाशय तक ले जाना। पानी देना = (क) सींचने के लिए क्यारियों, खेतों आदि में पानी डालना। (ख) पितरों का तर्पण करना। पानी न माँगना = भीषण आघात लगने पर ऐसी स्थिति में आना या होना कि पीने के लिए पानी तक मांगने की शक्ति न रह जाय। पानी पढ़ना = मंत्र पढ़कर पानी फूंकना। जल अभिमंत्रित करना। पानी पर नींव (या बुनियाद) होना बहुत ही अनिश्चित या दुर्बल आधार होना। पानी परोरना = दे० ऊपर ' पानी छानना '। पानी पी पीकर बार बार शक्ति संचित करके। जैसे-पानी पी पीकर किसी को कोसना। विशेष-बहुत अधिक बोलने से गला सूखने लगता है, जिसे तर करने के लिए बोलनेवाले को रह-रहकर पानी का चूंट पीना पड़ता है। इसी आधार पर यह मुहा० बना है। (किसी चीज या बात पर पानी फिरना या फिर जाना पूरी तरह से चौपट, नष्ट या निरर्थक हो जाना। बिलकुल तत्वहीन या निःसार हो जाना। पानी फूंकना खौलते हुए पानी में उबाल आना। (किसी चीज या बात पर) पानी फेरना या फेर देना = (क) पूरी तरह से नष्ट या चौपट करना। (ख) सारा किया-धरा विफल या व्यर्थ कर देना। जैसे-जरा सी भूल से तुमने मेरे सारे परिश्रम पर पानी फेर दिया। पानी बराना = (क) छोटी नालियाँ बनाकर और क्यारियाँ काटकर खेत सींचना। (ख) ऐसी व्यवस्था करना जिसमें नालियों का पानी इधर-उधर बहने न पावे। (किसी का किसी के सामने) पानी भरना = किसी की तुलना में बहुत ही तुच्छ या हीन सिद्ध होना। उदा०-फूले शफक तो जर्द हों गालो के सामने। पानी भरे घटा तेरे बालों के सामने। कोई शायर। (कहीं) पानी मरना = किसी स्थान पर पानी का एकत्र होकर सोखा जाना या किसी संधि में प्रविष्ट होकर वास्तु-रचना को हानि पहुँचाना। जैसे-इस दरज से छत (या दीवार) में पानी भरता है। (किसी के सिर) पानी मरना = किसी का ऐसी स्थिति में आना या होना कि उस पर किसी प्रकार का आक्षेप, आरोप या कलंक हो या लग सके या उसे किसी बात से लज्जित होना पड़े। पानी में आग लगाना = (क) असंभव बात संभव कर दिखलाना। (ख) जहाँ लड़ाई-झगड़े की कोई संभावना न हो, वहाँ भी लड़ाई-झगड़ा खड़ा कर देना। पानी में फेंकना या बहाना व्यर्थ नष्ट या बरबाद करना। (कहीं) पानी लगना = किसी स्थान पर पानी इकट्ठा होना। पानी जमा होना। (दांतों में) पानी लगना = पानी की ठंढक से दाँतों में टीस होना। पानी लेना = दे० ऊपर पानी छूना '। पानी सिर से (या पैर से) गुजरना = दे० ' सिर ' के अंतर्ग। पानी से पहले पाड़, पुल या बाँध बाँधना = किसी प्रकार के अनिष्ट की संभावना न होने पर भी केवल आशंकावश बचाव का प्रयत्न या प्रयास करना। गले गले पानी में लाख कठिनाइयाँ होने पर भी। जैसे-तुम्हारा रुपया तो हम गले गले पानी में भी चुका देंगे। विशेष-बाढ़ आने पर आदमी का धड़ डूबता है और गले तक पानी आता है तब मृत्यु या विनाश समीप दिखाई देता है। इसी आधार पर यह मुहा० बना है।
  • उक्त तत्व का कोई ऐसा रूप जो किसी दूसरे पदार्थ में से आपसे आप या उबालने आदि पर निकला हो या उस पदार्थ के अंश से युक्त हो। जैसे-दही या नारियल का पानी, चूने या नमक का पानी, दाल या नीम का पानी। क्रि० प्र०-आना।-निकलना।-रसना। मुहा०-(किसी वस्तु का) पानी छोड़ना = किसी चीज में से थोड़ा-थोड़ा पानी या और कोई तरल पदार्थ रस-रसकर निकलना। जैसे-पकाने पर किसी तरकारी का पानी छोड़ना। ३, किसी विशिष्ट प्रकार के गुण या तत्व से युक्त किया हुआ कोई ऐसा तरल पदार्थ जिसके योग से किसी दूसरी चीज में कोई गुण या तत्व सम्मि लित किया जाता है अथवा किसी प्रकार का प्रभाव उत्पन्न किया जाता है। जैसे-जहर का पानी, मुलम्मे का पानी। पद-खारा पानी सोडा मिला हुआ वह पानी जो बंद बोतलों में पीने के लिए बिकता है। मीठा पानी उक्त प्रकार का वह पानी जिसमें नींबू आदि का सत्त मिला रहता है। विलायती पानीयंत्र की सहायता से और वाष्प के जोर से बोतलों में भरा हुआ पानी जो सम्मिश्रण, स्वाद आदि के विचार से अनेक प्रकार का होता है। मुहा०-(किसीचोज पर) पानी चढ़ाना, देना या फेरना = किसी तरल पदार्थ या घोल के योग से किसी वस्तु में चमक लाना। ओप लाना। जिला करना। जैसे-चाँदी की अंगूठी पर सोने का पानी चढ़ाना। (किसी चीज से) पानी बुझाना ईंट, धातु-खंड या ऐसी ही और कोई चीज आग में अच्छी तरह तपाकर और लाल करके इसलिए तुरंत पानी में डालना कि उसका कुछ गुण या प्रभाव पानी में आ जाय। (चिकित्सा आदि के प्रसंग में ऐसे पानी का उपयोग होता है।) (कोई चीज किसी) पानी में बुझाना = किसी विशिष्ट क्रिया से तैयार किये हुए पानी में कोई चोज गरम करके इसलिए डालना कि उस चीज में उस पानी का कोई विशिष्ट गुण या प्रभाव आ जाय। जैसे-जहर के पानी से तलवार बुझाना।; उक्त के आधार पर काट करनेवाली चमकदार और बढ़िया तलवार या ऐसा ही और कोई बड़ा अस्त्र।; किसी प्रकार की प्रक्रिया में हरबार होनेवाला पानी का उपयोग या प्रयोग। जैसे-(क) तीन पानी का गेहूँ अर्थात् ऐसा गेहूँ जिसकी फसल तीन बार सींची गई हो। (ख) कपड़ों की दो पानी की धुलाई, अर्थात् दो बार धोया जाना।; आकाश से जल की होनेवाली वृष्टि। वर्षा। मेह। क्रि० प्र०-आना।-गिरना।-पड़ना।-बरसना। मुहा०-पानी उठना = आकाश में घटाओं या बादलों का आकर छाना जो वर्षा का सूचक होता है। पानी टूटना लगातार होनेवाली वर्षा बन्द होना या रुकना। पानी बाँधना = जादू या टोना-टोटका करके बरसते या बहते हुए पानी की धार रोकना।; प्रतिवर्ष होनेवालो वर्षा के विचार से, पूरे एक वर्ष का समय। जैसे-अभी तो यह पेड़ तीन ही पानी का है, अर्थात् इसने तीन ही बर साते देखी हैं, या यह तीन ही वर्ष का पुराना है। ८. उक्त के आधार पर कोई काम एक बार या हर बार होने की क्रिया या भाव, दफा, जैसे (क) वहाँ मुसलमानों और राजपूतों में कई पानी भिड़त हुई थी, (ख) दोनों में एक पानी कुश्ती हो तो अभी फैसला हो जाय, ९. शरीर के किसी अंग के क्षत में से विकार आदि के रूप में निकलने या रसनेवाला तरल अंश या पदार्थ, जैसे-आँख या नाक से पानी जाना, मुहा०-पानी उतरना = आँतों या पेट का पानी उतर कर नीचे अंडकोश में आना और एकत्र होना जो एक प्रकार का रोग है, १०. किसी स्थान का जल-वायु अथवा प्राकृतिक या सामाजिक परिस्थिति जिसका प्रभाव प्राणियों के शारीरिक स्वास्थ्य अथवा आचार-विचार, रहन-सहन आदि पर पड़ता है, जैसे-अच्छे पानी का घोड़ा, पद-कड़ा पानी-ऐसा जलवायु जिसमें उत्पन्न या पले हुए प्राणी ढीले और निर्बल होते हैं, मुहा०-(किसी व्यक्ति को कहीं का) पानी लगना = (क) किसी स्थान के जलवायु का शरीर पर दूषित या हानिकारक परिणाम या प्रभाव होना जैसे-(क) जब से उन्हें पहाड़ का पानी लगा है, तब से वे बराबर बीमार ही रहते हैं। (ख) कहीं के दूषित वातावरण या परिस्थितियों का प्रभाव पड़ना। जैसे-देहात से आते ही तुम्हें शहर का पानी लगा। ११. वह जो पानी की तरह कोमल, गीला, ठंढा, नरम या सरस हो। जैसे-तुमने आटा क्या गूंधा है, बिलकुल पानी कर दिया है। मुहा०-(काम को) पानी करना बहुत ही सरल, सहज, साध्य या सुगम कर डालना। जैसे-मैंने इस काम को पानी कर दिया। (किसी व्यक्ति को) पानी करना या कर देना = कठोरता, क्रोध आदि दूर करके शांत या सरस कर देना। (किसी व्यक्ति को) पानी पानी करना = अत्यन्त लज्जित करना। (किसी का) पानी पानी होना = (क) मन की कठोर वृत्ति का सहसा बदलकर बहुत ही कोमल हो जाना। (ख) किसी घटना या बात के प्रभाव या फल से बहुत ही लज्जित होना। (किसी का) पानी होना या हो जाना-उग्रता, क्रोध आदि का पूरी तरह से शमन होना, और उनके स्थान पर दया, नम्रता आदि का आविर्भाव होना। १२. पानी की तरह फीका या स्वादहीन पदार्थ। जैसे-दूध क्या है, निरा पानी है। १३. मद्य। शराब। (बोल-चाल) पद-गरम पानी शराब। १४. पुरुष का वीर्य या शुक्र। मुहा०-पानी गिराना = स्त्री के साथ उदासीनता या उपेक्षापूर्वक अथवा विशिष्ट सुख का बिना अनुभव किये यों ही मैथुन या संभोग करना। (बाजारू) १५. पुरुषत्व, मान-प्रतिष्ठा आदि के विचार से मनुष्य में होनेवाला अभिमान, वीरता या ऐसा ही और कोई तत्त्व या भावना। जैसे ऐसा आदमी किस काम का जिसमें कुछ भी पानी न हो। १६. मान। प्रतिष्ठा। इज्जत। आबरू। क्रि० प्र०-जाना।-बचना।-बचाना।-रखना।-रहना। पद-पत-पानी-प्रतिष्ठा और सम्मान। इज्जत-आबरू। मुहा०-(किसी का) पानी उतारना या उतार लेना अपमानित करना। इज्जत उतारना। (किसी को) बे-पानी करना = अपमानित या अप्रतिष्ठित करना। १७. किसी पदार्थ का वह गुण या तन्व जिसके फल-स्वरूप उसमें किसी तरह की आभा, चमक या पारदर्शकता आती हो। जैसे-मोती या हीरे का पानी। वि० [?] बहुत सरल और सुगम। उदा०-गुलिस्ताँ के बाद फारसी की और किताबें पानी हो गई थीं।-मिरजा रुसवा (उमराव जान में)
  • देवा-वि० [हिं० पानी + देवा देनेवाला] पितरों को पानी देने अर्थात् उनका तर्पण, पिंडदान, श्राद्ध आदि करनेवाला, फलतः वंशज या संतान
  • अर्थ या आशय यह है कि
  • एक कद जो त्रिदोषनाशक है, पानीयालु
  • एक प्रसिद्ध द्रव जो पारदर्शक, निर्गंध और स्वादरहित होता है , स्थावर और जंगभ सब प्रकार की जीवसृष्टि के लिये इसकी अनिवार्य आवश्यकता है , वायु की तरह इसके अभाव में भी कोई जीवधारी जीवित नही रह सकता , इसी से इसका एक पर्याय 'जीवन' है

    विशेष
    . इस प्रकार बुझाया हुआ पानी विकाररहित होता है और रोगी के लिये पथ्य समझा जाता है । . इस मुहावरे का प्रयोग उस समय किया जाता है जब कोई घंटों तक लगातार किसी को गालियाँ देता या कोसता रहता है । भाव यह होता है कि उसने इतनी अधिक गालियाँ दी कि कई बार उसका गला सूख गया और उसे पानी पीकर उसे तर करना पड़ा । जैसे,—वह उन्हें पानी पी पीकर कोसता रहा । . पानी बराना = (१) छोटी नालियाँ बनाकर और क्यारियाँ काटकर खेत को सींचना । (२) जिसमें नालियाँ तोड़कर पानी बह न जाय इसलिये इसकी रखवाली करना । . पानी फूँकना = मंत्र पढ़कर पानी पर फूँक मारना । पानी पढ़ना । . पानी फूटना = (१) बाँध या मेड़ को तोड़कर पानी को निकालना । (२) पानी में उबाल आ जाना । पानी खौलने लगना । . (नाम धरने अर्थात् रोगी को चेचक होना मान लिए जाने के तीसरे, पाँचवें और सातवें दिनों में जिस दिन शुक्रवार या सोमवार हो, स्त्रियाँ रोगी के सिर से कपड़ा छुलाकर उससे पानी छानती हैं । इस पानी में पहले से चना भिगोया रहता है । यदि वर्षा होती हो तो उसी का पानी लेकर छाना जाता है । इस कृत्य के हो जाने पर उन निषेधों का पालन नहीं करना पड़ता जिनका पालन नाम धरने के दिन से आवश्यक समझा जाता है) । . पानी फिरना या फिर जाना = नष्ट होना । चौपट हो जाना । मिट्टी में मिल जाना । बराबाद हो जाना । . पानी यौगिक पदार्थ है । अम्लज और उद्जन नामक दो गैसों के योग से इसकी उत्पत्ति हुई है । विस्तार के विचार से इसमें दो भाग उद्जन और एक भाग अम्लजन; और गुरुत्व के विचार से १६ भाग अम्लजन और १ भाग उद्जन होता है, क्योंकि अम्लजन का परमाणु उद्जन के परमाणु से १६ गुना अधिक भारी होता है । गरमी की अधिकता से भाप बनकर उड़ जाने और कमी से पत्थर की तरह ठोस हो जाने का द्रव पदार्थों का धर्म जितना पानी में प्रत्यक्ष होता है उतना औरों में नहीं होता । तापमान की ३२ अंश (फारेन- हाइट) की गरमी रह जाने पर यह जमकर बर्फ और २१२ अंश की गरमी पाने पर भाप हो जाता है । इनके मध्यवर्ती अंशों की गर्मी में ही वह अपने अप्रकृत रूप—द्रव रूप—में रहता है । पानी में कोई रंग नहीं होता पर अधिक गहरा पानी प्रायः नीला दिखाई पड़ता है जिसका कारण गहराई है । स्वाद और गंध भी उसमें उन द्रव्यों के कारण, जो उसमें घुले होते हैं, उत्पन्न होता है । ३९ अंश की गरमी में पानी का गुरुत्व अनुय द्रव्यों के सापेक्ष गुरुत्व के निश्चय के लिये प्रमाण रूप माना जाता है; सब तरल और ठोस द्रव्यों का गुरुत्व इसी से तुलना करके स्थिर किया जाता है । अवस्थाभेद से पानी के अनेक भेद हैं । यथा—भाप, मेघ, बूँद, ओला, कुहिरा, पाला, औस, बर्फ आदि । बूँद, कुहिरा, पाला, ओस आदि उसके तरल रूपांतर हैं, भाप और बादल वायव या अर्धवायव और ओला तथा बर्फ घनीभूत रूपांतर हैं । . मुख्य अर्थ पहला होने पर भी दूसरे अर्थ में इस मुहावरे का अधिक प्रयोग होने लगा है । आग लगाने का अर्थ है चुगुलखोरी करके झगड़ा करा देना । कदाचित् यही इसका दूसरे अर्थ में अधिक प्रयुक्त होने का कारण है । . पानी बाँधना = (१) जिस मार्ग से पानी बह रहा हो उसे बंद करना । पानी का बहाव रोकना । (२) बाँध बाँधकर या मेंड़ बनाकर पानी को ताल या खेत में एकत्र करके बाहर न जाने देना । पानी का रोकना या एकत्र करना । (३) जादू से बरसते या बहते हुए पानी की धार रोकना । जलस्तंभ करना । . पानी बुझाना = लोहे, ईंट या सोने चाँदी आदि के टुक़ड़े को आग में लाल करके पानी में बुझाना । पानी बघारना । . (किसी पर)पानी फेरना या फेर देना = ऐसा कुछ करना जिससे किया कराया उद्योग या परिश्रम विफल हो जाय या कोई बनी बात बिगड़ जाय । चौपट कर देना । मिट्टी कर देना । मटियामेट कर देना । मिटा देना । जैसे,—इस एक बात ने आज तक के हमारे सारे परिश्रम पर पानी फेर दिया । . (किसी वस्तु पर)

  • वह पानी का सा पदार्थ जो जीभ, आँख, त्वचा, घाव पदार्थ से रसकर निकले । जैसे,—पसीना, पसेव, राल, लार, पंछा ।
  • मेहँ , वर्षा , वृष्टि , जैसे,—इस वर्ष इतना कम पानी पड़ा कि पृथ्वी की प्यास एक बार भी न बुझी
  • तेल, घी चरबी आदि के अतिरिक्त कोई द्रव पदार्थ , कोई वस्तु जो पानी जैसी पतली हो , जैसे, पाचक का पानी, केले का पानी, नारियल का पानी
  • वह द्रव पदार्थ जो किसी चीज के निचोड़ने से या उससे निथरकर निकले किसी वस्तु का वह अंश जो जल क रूप में हो , रस , अर्क , जूस , जैसे, नीम का पानी, दाल का पानी
  • चमक , ओप , आब , कांति , छवि , जैसे, मोती का पानी

    उदाहरण
    . मोतिन मलिन जो होइ गइ कला । पुनि सो पानि कहाँ निरमला ।

  • तलवार आदि धारदार हथियारों के लोहे का वह हलका स्याह रंग और उसपर चींटी के पैर के चिह्नों के से अकृ- त्रिम चिह्न जिनसे उसकी उत्तमता की पहचान होती है , (ऐसे लोहे की धार खूब तीक्ष्ण और कतड़ी होती है) , आब जौहर ८९
  • मान , प्रतिष्ठा , इज्जत , आबरू , साख

    उदाहरण
    . बोली बचन हास करि रानी । राख्यो तुम पांडव कर पानी । . महमद हाशिम शंका मानी । चपे चौधरी उतरयो पानी ।

  • वर्ष , साल , जैसे, पाँच पानी का सूअर अर्थात् ऐसा सूअर जिसने पाँच बरसातों देखी हैं अर्थात् जिसके पाँच साल पूरे हो चुके हों
  • मुलम्मा , क्रि॰ प्र॰—चढ़ाना , —फेरना
  • वीर्य , शुक्र , नुत्फा (बाजारू)
  • पुंस्त्व , मरदानगी , जीवट , हिम्मित , स्वाभिमान , जैसे,—उसमें तनिक भी पानी नहीं है
  • थोड़े आदि पशुओं की वंशगत विशेषता या कुलीनता , घोड़े आदि की नस्ल , जैसे,—यह जानवर पानी और खेत का अच्छा है
  • पानी की तरह ठंढा पदार्थ , जैसे,—तवा तो पानी हो रहा है
  • एकबारगी, गीली, नरम या मुलायम चीज (अत्युक्ति)
  • पानी की तरह फीका या स्वादहीन पदार्थ , जैसे,— (क) शोरवे में बस पानी का मजा है , (ख) दाल क्या है, बिलकुल पानी है
  • कुश्ती या लड़ाई आदि , द्वंद्व युद्ध , जैसे,—(क) यह बटर दो पानी हार चुका , (ख) इन दोनों में भी एक पानी हो जाने दो
  • बार , बेर , दफा , जैसे,—अबकी उन्हे जहाँ दो पानी पीटा कि वे दुरुस्त हुए (बाजारू) १९
  • मद्य , शराब (बोलचाल)
  • अवसर , समय , मौका , जैसे—अब वह पानी गया
  • जलवायु , आबहवा , जैसे,—यहाँ का पानी हमारे अनुकूल नही
  • परिस्थिति , सामाजिक दशा , लोगों की चाल ढाल या रंग ढंग , जैसे,—(क) बनारस का पानी ही ऐसा है कि रंग ढंग बदल जाता है , (ख) अब उन्हें कलकत्ते का पानी लग चला

    विशेष
    . इस शब्द से केवल बुरी परिस्थिति, बदमाशी, चालढाल या चरित्र बिगड़नेवाली सामाजिक दशा व्यंजित होती है, अच्छी सामाजिक परिस्थिति नहीं ।


संस्कृत ; संज्ञा, पुल्लिंग

  • 'पानी'

पानी के अंगिका अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • जल, जलवायु, वर्षा, मेघ, चमक, कोई द्रव पदार्थ, अर्कशक, प्रतिष्ठा, पौरूष, शासन की उत्तमता, जूस, छवि

पानी के अवधी अर्थ

संज्ञा

  • जल; जलवायु; तेज, चमक, मान

    उदाहरण
    . रहिमन पानी राखिये बिन पानी सब सून

पानी के कन्नौजी अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • जल. 2. जीभ, आँख, घाव आदि से निकलने वाला जलीय पदार्थ. 3. तरबूज आदि फलों का रस. 4. आब कांति. 5. प्रतिष्ठा, मान मर्यादा, इज्जत. 6. कलई, मुलममा. 7. आत्माभिमान, दम्भ

पानी के बुंदेली अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • जल, नीर, फलों का रस, पानी, आब मान-मर्यादा,

पानी के ब्रज अर्थ

पानि, पाने, पानौ, पान्यौ

पुल्लिंग

  • दे० 'पाणि' ; आब , चमक ; जल

पानी के मगही अर्थ

हिंदी ; संज्ञा

  • जल, जलवायु, आबोहवा; इज्जत, पत-पानी; पानी जैसा तरल कोई अन्य पदार्थ, पानी जैसी पतली अथवा पानी मिली-वस्तु: चमक, आबा, किसी वस्तु पर चढ़ाया मुलम्मा; रस, अर्क; औजार की तेज धार, औजार की धार का नीला रंग

पानी के मैथिली अर्थ

पानि

संज्ञा

  • जल
  • वर्षा
  • तेजी
  • चमक
  • तीक्ष्णता, कड़ापन (जेना लोहमे)

Noun

  • water.
  • rain.
  • energy, spirit.
  • lustre.
  • tensity (in iron).

पानी के हरियाणवी अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • दे. पाणी

सब्सक्राइब कीजिए

आपको नियमित अपडेट भेजने के अलावा अन्य किसी भी उद्देश्य के लिए आपके ई-मेल का उपयोग नहीं किया जाएगा।

बेहतर और सरल अनुभव के लिए हिन्दवी डिक्शनरी ऐप

डाउनलोड कीजिए

क्या आप वास्तव में इन प्रविष्टियों को हटा रहे हैं? इन्हें पुन: पूर्ववत् करना संभव नहीं होगा